विपरीत दिशा में दौड़कर कैच पकड़ना बेहद मुश्किल होता है. लेकिन युगांडा के फ्रैंक सुबुगा के लिए यह बहुत आसान दिख रहा है. उन्होंने सभी को हैरान कर दिया है.

क्रिकेट के खेल में कभी-कभी ऐसे हैरतअंगेज पल देखने को मिल जाते हैं, जिन पर देख कर भी भरोसा करना आसान नहीं होता. कुछ ऐसा ही रविवार को युगांडा बनाम केन्या के बीच खेले गए लिस्ट A मैच में देखने को मिला. यहां युगांडा के फील्डर फ्रैंक सुबुगा ने ऐसा बेहतरीन कैच लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. दरअसल सुबुगा ऑन साइड पर फील्डिंग कर रहे थे और उन्होंने खुद से दाईं ओर पीछे की तरफ बाउंड्री लाइन की ओर तेज दौड़ लगाते हुए हवा में ही जंप कर दिया और गेंद को सुरक्षित अपने हाथ में लपक लिया.
इस शानदार कैच के वीडियो को आईसीसी ने अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया है. आईसीसी ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘ऐसे बेहतरीन कैचों में से एक, जो आपने कभी देखे होंगे. इस वीकंड पर युगांडा के फ्रैंक सुबुगा ने क्रिकेट वर्ल्ड कप चैलेंज लीग में यह कमाल किया.’
इस कैच को लपकने के बाद फ्रैंक नसुबुगा इतने खुश हुए कि उन्होंने मैदान का एक पूरा चक्कर ही लगा दिया. मैच की अगर बात करें तो यूगांडा ने कीनिया को 7 विकेट से शिकस्त दी. इस मैच में केन्या ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.1 ओवर में 220 रन बनाए थे. राकेप पटेल (71) को छोड़ दें तो केन्या का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया. उनके अलावा इरफान करीम ने 33 रन बनाए. यूगांडा की तरफ से रियाजत अली शाह ने 3 और कॉसमस केवुता ने भी इतने ही विकेट झटके.
यूगांडा ने 7 विकेट से केन्या को हराया
इस लक्ष्य को यूगांडा ने महज 45.1 ओवर में तीन विकेट खोकर ही हासिल कर लिया. यूगांडा की तरफ से साइमन सिसाजी ने नाबाद 87 रन बनाए. उन्होंने इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का लगाया. उनके अलावा रौनक पटेल ने भी 50 रन बनाए. पटेल ने अपनी इस पारी में 9 चौके ठोके. यूगांडा की तरफ से तीसरा अर्धशतक दिनेश नाकरानी के बल्ले से निकला. उन्होंने 47 गेंद में नाबाद 55 रन बनाए. दिनेश ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. CWC चैलेंज लीग ग्रुप-बी में यूगांडा ने 10 में से 8 मैच जीते हैं और यह टीम टॉप पर है. दूसरी तरफ केन्या ने 9 मुकाबलों में से तीन में ही जीत दर्ज की है.