एनसीए के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण इस सीरीज में कोच की भूमिका निभा रहे हैं क्योंकि मुख्य कोच राहुल द्रविड़ टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड में हैं. साथ ही हार्दिक पांड्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी की शुरुआत भी करेंगे.

रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन सहित भारत के दूसरी कतार में शामिल खिलाड़ियों को सीनियर क्रिकेटरों की वापसी से पहले आयरलैंड के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज में खुद को साबित करने का एक और मौका मिलेगा, जिसमें हार्दिक पांड्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी की शुरुआत भी करेंगे. ऋषभ पंत के इंग्लैंड में टेस्ट टीम में शामिल होने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी कप्तानी से प्रभावित करने वाले पांड्या को टीम की कमान सौंपी गई है.
रोहित शर्मा को विश्राम दिए जाने और केएल राहुल के चोटिल होने के बाद पंत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में टीम की अगुवाई की थी. अब हार्दिक को जिम्मेदारी सौंपी गई है और गुजरात टाइटंस के कप्तान के रूप में उनके शानदार प्रदर्शन से उनसे काफी उम्मीद की जा रही है.
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण इस सीरीज में कोच की भूमिका निभा रहे हैं क्योंकि मुख्य कोच राहुल द्रविड़ टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड में हैं. उनके अपने पूर्व साथी की रणनीति पर ही चलने की उम्मीद है. इन दोनों मैच से इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए ‘कोर ग्रुप’ और अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले तीन मैचों के लिए टीम तैयार करने में मदद मिलेगी.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में द्रविड़ ने पहले दो मैचों में हार के बावजूद सभी पांच मैचों में टीम को बरकरार रखा था. पांचवां मैच बारिश की भेंट चढ़ने से यह सीरीज 2-2 से बराबर छूटी थी.
पंत और श्रेयस अय्यर के टेस्ट टीम में शामिल होने से आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में संजू सैमसन और दीपक हुड्डा जैसे खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है. सैमसन कई मौके मिलने के बावजूद टी20 टीम में खुद को स्थापित नहीं कर पाए और ऐसे में उनके लिए मौका बेहद महत्वपूर्ण होगा.
कलाई की चोट से वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव के तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है.
ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था जिसे वह आगे बढ़ाना चाहेंगे लेकिन सलामी जोड़ीदार गायकवाड़ पर दबाव होगा, जो पिछली सीरीज में तेज गेंदबाजों के सामने असहज दिख रहे थे.
भारत के तेज गेंदबाज उमरान मलिक और यॉर्कर विशेषज्ञ अर्शदीप सिंह को भी यहां मौका मिल सकता है.
जहां तक आयरलैंड का सवाल है तो उसके खिलाड़ी मजबूत भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश करेंगे.
स्टीफन डोहेनी और कॉनर ओलफर्ट को एंड्रयू बालबर्नी की अगुवाई वाली टीम में पहली बार जगह मिली है. बालबर्नी पहले ही कह चुके हैं कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति के बावजूद भारत की टीम बेहद मजबूत है.