मारुति सुजुकी इंडिया ने पिछले वित्तीय वर्ष में भारतीय रेलवे के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में बिक्री के लिए 2.33 लाख वाहन भेजे हैं। रेलवे की ओर से कंपनी के लिए भेजी गई कारों की खेप का यह सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने भारतीय रेलवे के साथ मिलकर एक बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है. भारतीय रेलवे के जरिए कंपनी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने 2.33 लाख वाहनों को भेजने का काम किया है. यह कंपनी द्वारा रेलवे द्वारा भेजे जाने वाली अब तक की सबसे अधिक वाहने हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक इस बारे में कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मारुति ने करीब आठ साल पहले अपने वाहनों को रेलवे के जरिये देश के विभिन्न हिस्सों में भेजना शुरू किया था. कंपनी ने साल 2020-21 में रेलवे के जरिये 1.89 लाख वाहनों खेप भेजी थी. इस तरह 2021-22 में उसकी रेलवे के जरिये ‘ढुलाई’ 23 प्रतिशत बढ़ी है.
सड़क पर लगे जाम से निजात
इस कदम से ट्रकों के लिए लगभग 1,56,000 ट्रिप कम हो गए हैं और 174 करोड़ लीटर ईंधन की बचत हुई है। मारुति सुजुकी के कार्यकारी निदेशक राहुल भारती ने कहा कि रेलवे के माध्यम से कार भेजने से न केवल कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलती है, बल्कि सड़क पर लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिलता है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने 2014-15 में रेलवे के माध्यम से 66,000 वाहनों की आपूर्ति की थी। 2021-22 में यह आंकड़ा बढ़कर 2.33 लाख यूनिट हो गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने वाहनों को भेजने के लिए रेलवे का इस्तेमाल बढ़ाएगी। फिलहाल कंपनी की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जाने वाले 15 फीसदी वाहन रेल से जाते हैं। कंपनी के पास 41 रेलवे रेक हैं। प्रत्येक रेक की क्षमता 300 वाहनों की है।
आपको बता दें कि मारुति सुजुकी जून 2022 के लिए अपने कई मॉडल्स पर 46,000 रुपये तक का डिस्काउंट दे रही है। यूजर्स कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और कॉरपोरेट डिस्काउंट के जरिए कई हजार रुपये का फायदा उठा सकते हैं। मारुति सुजुकी ने यह डिस्काउंट ऑफर ऑल्टो, सेलेरियो, स्विफ्ट, वैगन आर और एस-प्रेसो हैचबैक कारों के साथ-साथ डिजायर सेडान और ब्रेज़ा एसयूवी पर लिया है। हालांकि अर्टिगा और सीएनजी मॉडल खरीदने पर यूजर्स को कोई छूट नहीं मिलेगी। यूजर्स को सबसे ज्यादा डिस्काउंट सेलेरियो और वैगन आर पर मिलेगा, जबकि सबसे कम डिस्काउंट एस-प्रेसो पर मिलेगा।