मुंबई में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास महाराष्ट्र नगर इलाके में ग्राउंड प्लस दो मंजिला ढांचा देर रात 12.30 बजे गिर गया। जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा इलाके में गुरुवार देर रात एक तीन मंजिला आवासीय इमारत गिरने से 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। मलबे के भीतर अभी भी तीन से चार लोग दबे हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
देर रात 12.30 की घटना
अधिकारी ने कहा कि वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास महाराष्ट्र नगर इलाके में ग्राउंड प्लस दो मंजिला ढांचा देर रात 12.30 बजे गिर गया। जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बचाव दल को वहां भेजा गया।
भाभा अस्पताल में हुआ घायलों का इलाज
घटना की जानकारी मिलने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम के फायर ब्रिगेड, पुलिस और वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि घायलों का इलाज नजदीकी भाभा अस्पताल में चल रहा है।
बगल के मकान के गिरने के कारण हुई दुर्घटना
मुंबई के बांद्रा इलाके में उत्तर प्रदेश और बिहार राज्यों से काम की तलाश में मुंबई आए मजदूरों की बड़ी आबादी है। तीन मंजिला इमारत के बगल के मकान को दो दिन पहले गिराया गया था, इसलिए माना जा रहा है कि इसी वजह से यह दुर्घटना हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में मृत हुआ शख्स मौके से गुजर रहा था और इमारत का एक बड़ा मलबा ऊपर गिरने से उसकी मौत हुई है।