सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में पहली गिरफ्तारी कर ली गई है. पंजाब पुलिस ने जिसे गिरफ्तार किया है उसका नाम मनप्रीत बताया जा रहा है.

पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही माहौल काफी गरमाया हुआ है. पंजाब में एक बार फिर गैंगवार शुरू होने के आसार दिख रहे है. इस मामले में विक्की डोंगर और बंबिहा गैंग के बाद नीरज बवाना गैंग ने खुलकर बयान दिया है. एक फेसबुक पोस्ट के जरिए नीरज बवाना गैंग ने कड़े शब्दों में सिद्धू मूसेवाला की मौत की निंदा की है, और साथ ही में धमकी भी दी है कि वो दो दिन के भीतर रिजल्ट देंगे. गौरतलब है कि अभी यह साफ़ नहीं हो सका है कि ये पोस्ट लिखा किसने है.
ध्यान देने वाली बात है कि नीरज तिहाड़ जेल में बंद है. लेकिन नीरज के गैंग के लोग दिल्ली, हरियाणा ,पंजाब और राजस्थान में फैले हुए है. नीरज के गैंग के कुछ लोग उसका सोशल मीडिया हैंडल करते है. फेसबुक पर नीरज के गैंग के नाम से दर्जनों पेज मौजूद है, और उसे लाखों लोग फॉलो करते है. हत्या और फिरौती के मामलों के कारण नीरज तिहाड़ जेल में बंद है. दूसरी तरफ तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की याचिका पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) के तहत दिल्ली हाईकोर्ट सुनवाई करेगा. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने आशंका जाती थी कि पंजाब पुलिस उसका एनकाउंटर कर सकती है. जिसके चलते लॉरेंस बिश्नोई ने सुरक्षा की मांग की है और कहा है कि उसे पंजाब पुलिस का न सौंपा जाए. इस मामले में बिश्नोई ने दावा करते हुए कहा है कि उसे जानबूझकर इस मामले में फसाया जा रहा है. उसने कहा कि अगर उसे पूछताछ के लिए ले जाया जाता है तो प्रतिद्वंद्वी गिरोह उसकी हत्या कर सकती है. अगर वारंट के आधार पर भी मुझे ले जाया जाता है तो कड़े सुरक्षा के बंदोबस्त के साथ ले जाया जाए.
बिश्नोई गिरोह का झूठा आरोप
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के नाम से एक असत्यापित अकाउंट ने मूसेवाला की हत्या के बाद पोस्ट किया था कि यह यूथ अकाली दल के नेता विक्रमजीत सिंह (विक्की मिड्डूखेड़ा) की हत्या का बदला था. मिड्डूखेड़ा की पिछले साल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और बंबीहा गिरोह ने इसकी जिम्मेदारी ली थी. भूप्पी राणा हैंडल द्वारा पोस्ट में कहा गया है कि बिश्नोई गिरोह ने झूठा आरोप लगाया है कि मूसेवाला ने मिड्डूखेड़ा और पंजाब के छात्र नेता गुरलाल बारा की हत्याओं में मदद की थी. सिद्धू मूसेवाला ने इन हत्याओं में कोई भूमिका नहीं निभाई थी. हम यह स्पष्ट कर रहे हैं, सिद्धू मूसेवाला की हत्या में मदद करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का हिसाब होगा. उनकी मृत्यु का बदला बहुत जल्द लिया जाएगा. हम हमेशा उनके परिवार और दोस्तों का समर्थन करेंगे.