शंघाई में बुधवार से सख्त लॉकडाउन में राहत मिल रही है। वहां स्कूल आंशिक रूप से छात्रों के लिए स्वैच्छिक आधार पर खुलेंगे और शॉपिंग मॉल, बाजार और दवा की दुकान 75 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकेंगे। हालांकि सिनेमा हॉल और जिम बंद रहेंगे।

चीन में कोरोना के कहर के कारण सख्त लॉकडाउन लगाया गया था। लेकिन अब इन प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। चीन के सबसे बड़े शंघाई शहर में लॉकडाउन में ढील दी गई है, जिसके बाद लोग आधी रात को सड़कों पर निकले और दो महीने तक चले लॉकडाउन के बाद एक नई शुरुआत का स्वागत किया। शंघाई में एक छोटे ग्रुप ने इकट्ठा होकर ‘प्रतिबंध हटे’ का नारा लगाया। इसके साथ ही कठोर नियमों के खत्म होने पर उन्होंने शैंपेन खोली और उसे पीया।
लॉकडाउन से पहले शंघाई में चहल पहल देखने को मिलती थी। लेकिन लंबे लॉकडाउन के चलते सड़कों पर सिर्फ सन्नाटा देखने को मिला। शंघाई में लॉकडाउन खुलते ही भारी भीड़ न आए इसके लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस को तैनात किया गया था। ग्लोबल टाइम्स की खबर के मुताबिक नगरपालिका के प्रवक्ता यिन शिन ने कहा कि शंघाई शहर एक नई शुरुआत कर रहा है। इसके साथ कोरोना वायरस पर दैनिक ब्रीफिंग को भी समाप्त कर दिया गया है।
सिनेमा और जिम बंद रहेंगे
पर्यटन उद्योग से जुड़ी काओ यू ने कहा कि वह “सड़कों पर लोगों को देखकर बहुत खुश हैं।” उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में बीते दो महीने काफी तनावपूर्ण रहे. वहीं हाई स्कूल की लू केक्सिन ने बताया कि वह मार्च के बाद पहली बार समुद्र तट पर बांध के पास आई थी और इतने दिनों तक घर में कैद रहने के बाद वह परेशान थी. घर से बाहर निकलने पर अपनी खुशी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं बेहद खुश हूं.
स्वैच्छिक आधार पर छात्रों के लिए स्कूल आंशिक रूप से फिर से खुलेंगे और शॉपिंग मॉल, सुपरमार्केट, बाजार और दवा की दुकानों को 75 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति होगी। हालांकि, सिनेमाघर और जिम फिलहाल बंद रहेंगे।
शंघाई में रोजाना 30 से कम मामले
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि शंघाई में कोविड-19 के 15 नए मामले सामने आए, जबकि अप्रैल में यहां रोजाना 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे थे। सरकारी अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में मामलों में कमी आने के बाद ही पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील देने का फैसला किया गया है. जबकि शंघाई में सोमवार को कोविड-19 के 29 नए मामले सामने आए। चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष अधिकारी ली कियांग ने दो दिन पहले सोमवार को एक बैठक में कहा कि शहर ने महामारी के प्रकोप से लड़ने में लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं, राजधानी बीजिंग ने मंगलवार को कुछ जिलों में प्रतिबंधों में और ढील दी। बीजिंग में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 18 नए मामले दर्ज किए गए।