पाटिल ने भाजपा की मुंबई इकाई की ओर से स्थानीय निकाय चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण देने की मांग को लेकर किए जा रहे एक प्रदर्शन के दौरान बुधवार को यह टिप्पणी की।

महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी की, जिससे एनसीपी नेताओं में काफी नाराजगी है. बयान को लेकर सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने बीजेपी नेता पर निशाना साधा है और पार्टी को स्त्रीविरोधी बताया है. दरअसल, बीजेपी नेता ने एक विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसद पर टिप्पणी करते हुए कहा था, “अगर आप राजनीति नहीं समझती हैं, तो घर जाकर खाना बनाइये.
बता दें कि महाराष्ट्र में नौकरियों और शिक्षा में ओबीसी के लिए आरक्षण को लेकर दोनों पार्टियों के बीच विवाद जारी है. इसी क्रम में बीजेपी नेता ने उक्त टिप्पणी की है. गौरतलब है कि सुप्रिया सुले ने ओबीसी कोटा के लिए आरक्षण की महाराष्ट्र की लड़ाई की तुलना मध्य प्रदेश से की थी. बीजेपी नेता इसी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.
सुप्रिया सुले ने कही थी ये बात
सुले ने पार्टी की एक बैठक में कहा, ” मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली आए और ‘किसी’ से मिले. मुझे नहीं पता कि अगले दो दिनों में अचानक क्या हुआ और उन्हें ओबीसी आरक्षण के लिए हरी झंडी मिल गई.” इस बयान पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ” आप राजनीति में क्यों हैं? घर जाएं और खाना बनाएं. आप राजनीति में हैं और आपको नहीं पता कि मुख्यमंत्री से कैसे मिलना है? आप दिल्ली जाओ या नरक में जाओ या कहीं भी, लेकिन आरक्षण दो.”
बीजेपी नेता के इस बयान पर पलटवार करते हुए सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने ट्वीट कर कहा, “मुझे अपनी पत्नी पर गर्व है, जो एक गृहिणी, मां और एक सफल राजनेता है. वो भारत की कई अन्य मेहनती और प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक है. ये बयान सभी महिलाओं का अपमान है.”
दरअसल, बीजेपी महाराष्ट्र के शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन पर ओबीसी कोटा के लिए पर्याप्त काम नहीं करने का आरोप लगा रही है. हालांकि, महाराष्ट्र सरकार डेटा उपलब्ध नहीं कराने के लिए केंद्र को दोषी ठहराती है.
पाटिल ने कोथरूड सीट से लड़ा था विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि कोल्हापुर के रहने वाले पाटिल ने पुणे की कोथरूड सीट से 2019 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, जहां भाजपा की उस समय की विधायक मेधा कुलकर्णी का टिकट काट दिया गया था. सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने भी पाटिल की टिप्पणी की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘यह भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हैं जो सुप्रिया के बारे में बोल रहे हैं. मैंने हमेशा कहा है कि वे (भाजपा) नारी द्वेषी हैं और जब भी मौका लगता है कि महिलाओं को नीचा दिखाते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे अपनी पत्नी पर गर्व है जो एक गृहिणी, मां और एक सफल नेता हैं, जो भारत की कई अन्य मेहनती और प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक हैं. यह सभी महिलाओं का अपमान है.’