पंजाब पुलिस ने भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को उसके साइबर सेल में दर्ज शिकायत के आधार पर शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

पंजाब पुलिस ने बीजेपी नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ट्वीट कर बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दी धमकी से संबंधित मामले में पंजाब पुलिस ने तजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ्तार किया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव के खिलाफ पिछले महीने आप नेता सनी सिंह द्वारा उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भड़काऊ बयान दिया था, अफवाहें फैलाई थीं और धार्मिक और सांप्रदायिक दुश्मनी पैदा करने की कोशिश की थी। बग्गा ने 30 मार्च को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित तौर पर धमकाया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बग्गा के बयान और वीडियो क्लिप भी सौंपे।
बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा केजरीवाल पर हमलावर है। दिल्ली भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता है। मिश्रा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों ?इस मामले पर हरियाणा भाजपा नेता अरुण यादव ने दिल्ली के मुख्ययमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तजिंदर बग्गा से डर गए हैं। अब पंजाब पुलिस का सहारा ले रहे हैं। ट्वीट कर यादव ने मामले में गृह मंत्री अमित शाह से संज्ञान लेने के लिए कहा है।आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने कहा कि भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी दी थी।
केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप
तजिंदर पाल सिंह बग्गा पर केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ मोहाली साइबर क्राइम ने केस दर्ज किया था। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया की शिकायत पर यह मुकदमा पंजीकृत किया गया था। बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में बग्गा के एक विवादित ट्वीट का हवाला दिया गया है, जो दिल्ली विधानसभा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर केजरीवाल के बयान के बाद बग्गा ने किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में एक के बाद एक कई ट्वीट किए।
बिना सूचना के आई पंजाब पुलिस
एक ट्वीट में बग्गा ने कहा था कि मेरे खिलाफ एक नहीं 100 एफआईआर करो लेकिन केजरीवाल कश्मीरी पंडितों के नरसंहार को झूठा बोलेंगे तो मैं विरोध करूंगा। अगर वे कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर ठहाके लगा के हंसेंगे तो मैं विरोध करूंगा। चाहे उसके लिए मुझे जो अंजाम भुगतना पड़े, मैं तैयार हूं।
क्या कहा था केजरीवाल ने
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बजट सत्र को संबोधित करते हुए ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की भाजपा की मांग पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि टैक्स फ्री करने के बजाय फिल्म को यूट्यूब पर डाल दो।