राजस्थान के उदयपुर में होने वाले तीन दिवसीय कांग्रेस चिंतन शिविर को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अजय माकन उदयपुर पहुंच चुके हैं. सीएम गहलोत के साथ दोनों नेता तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

राजस्थान विधानसभा से पहले कांग्रेस उदयपुर में लगने वाले तीन दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर अब तैयारियां जोरों पर हैं, इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तैयारियों को अंतिम रूप देने उदयपुर पहुंचे हैं. . कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अजय माकन उदयपुर के डबोक हवाईअड्डे पर पहुंचे.दिल्ली से उदयपुर पहुंचे जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मेवाड़ी अंदाज में उनका स्वागत किया। इस दौरान वहां पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और जिला प्रभारी मंत्री रामलाल जाट भी मौजूद रहे. बता दें कि कांग्रेस का राष्ट्रीय चिंतन शिविर 13 से 15 मई तक राजस्थान के उदयपुर जिले में होना है, जिसके लिए खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी विशेष विमान से उदयपुर पहुंच चुके हैं.
ज्ञात हो कि कांग्रेस राज्यों की हालिया चुनावी हार और भविष्य की रणनीति को लेकर चिंतन शिविर का आयोजन कर रही है, जिसमें देशभर से 400 से ज्यादा नेताओं के आने की उम्मीद है. उधर, प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने चिंतन शिविर को लेकर फिलहाल दूरी बना रखी है, जिसको लेकर सियासी अटकलों का बाजार भी गर्म है.
पीसीसी चीफ डोटासरा पहुंचे उदयपुर
चिंतन शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा आज उदयपुर पहुंच गए हैं। चारों नेता 4 मई को उदयपुर में ही ही रुकेंगे और चिंतन शिविर की तैयारियों का जायजा लेंगे। 5 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्पेशल विमान से वापस जयपुर आ जाएंगे तो वहीं वेणुगोपाल और अजय माकन उदयपुर से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। 8 मई से कांग्रेस के बड़े नेताओं का उदयपुर पहुंचना शुरू हो जाएगा। उदयपुर में होने वाले कांग्रेस के चिंतन शिविर के लिए करीब 400 नेताओं के शामिल होने के आसार है। जिन्हें 12 मई को शाम तक उदयपुर पहुंचना होगा। इन सभी नेताओं के ठहरने के लिए उदयपुर में 6 होटल की व्यवस्था की गई है।
2013 में जयपुर में हुआ था चिंतन शिविर
उल्लेखनीय है कि साल 2013 में जयपुर में कांग्रेस का चिंतन शिविर आयोजित हुआ था। इसी सम्मेलन में राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का ऐलान किया गया था। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। लंबे समय से ही सोनिया गांधी कांग्रेस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष है। चिंतन शिविर में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य, सांसद, राज्यों के प्रभारी, महासचिव, राज्य इकाइयों के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता और वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।