लालसोट में महिला डॉक्टर के सुसाइड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में डॉक्टरों के अलग अलग संगठन आंदोलन पर उतर गए है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान ने 24 घंटे बंद का एलान किया है।

राजस्थान के दौसा जिले में पुलिस प्रताड़ना से दुखी एक महिला डॉक्टर की खुदकुशी के बाद राजस्थान की पुलिस व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आ गई है। मामले के तूल पकड़ने के बाद चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि ये बहुत दुखद घटना है, थोड़ी सी लापरवाही के कारण महिला को आत्महत्या करनी पड़ी। सुप्रीम कोर्ट जब कह चुका है कि डॉक्टर के खिलाफ 302 में मामला दर्ज़ नहीं हो सकता फिर पुलिस ने मामला दर्ज़ क्यों किया?
भारतीय सैन्य अकादमी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अशोक शारदा ने बताया कि आज सुबह 6 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी प्राइवेट अस्पताल बंद रहेंगे। इमरजेंसी सेवा भी बंद रहेंगी। प्रदेश में करीब 12 हजार प्राइवेट अस्पताल है। जबकि कोटा में 150 प्राइवेट हॉस्पिटल है।
डॉक्टर शारदा ने बताया कि प्रसूता की दुखद मौत एक मेडिकल एक्सीडेंट है। इस पर संवेदना व्यक्त करते है। लेकिन डॉक्टर अर्चना शर्मा के हॉस्पिटल के बाहर धरना प्रदर्शन कर पैसे की वसूली की गई। स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने प्रोटेक्शन देने के बजाय डॉक्टर पर गलत धाराओं में केस रजिस्टर्ड किया। प्रशासन की नाकामयाबी को देखते हुए वो भारी मानसिक आघात को सहन नहीं कर पाई। और आत्महत्या के लिए मजबूर हुई। ये एक सामाजिक कलंक है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व पीड़ित परिवार को न्याय की मांग को लेकर IMA से जुड़े सभी डॉक्टर व हॉस्पिटल में 24 घंटे काम बंद रखने का फैसला लिया है।
इधर डॉक्टर के अलग अलग संगठनों ने भी आज 2 घंटे कार्य बहिष्कार की घोषणा की है। सेवारत चिकित्सक संघ व आरएमटीसीए ने भी इमरजेंसी सेवाएं को छोडकर सुबह 9 से 11 बजे तक सरकारी अस्पतालों में 2 घंटे पेन डाउन रखने का एलान किया है।