बाइडन की ओर से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर की गई टिप्पणी पर भी रूस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। तुर्की के इस्तांबुल में आज रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता का चौथा दौर आयोजित हुआ।

रूस और यूक्रेन के बीच जंग दूसरे महीने में प्रवेश कर गई है। इस बीच मंगलवार को दोनों देशों के बीच एक बार फिर शांति वार्ता शुरू हो गई है। इस्तांबुल में हो रही यह बातचीत काफी कुछ यूक्रेन का भविष्य तय कर सकता है। बातचीत से कुछ घंटे पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के तेवर नरम पड़े और वो रूस के साथ समझौतों के लिए तैयार हो गए थे।
इस्तांबुल में हो रही वार्ता का रूस के उप रक्षा मंत्री अलेक्जेंडर फोमिन रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। जिसमें व्लादिमीर मेडिंस्की शामिल हैं। दूसरी ओर यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डेविड अरखामिया कर रहे हैं। तुर्की में यूक्रेन दूतावास ने भी पुष्टि की है कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत शुरू हो गई है।
रविवार को एक फोन कॉल में, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने इस्तांबुल में अगले दौर की वार्ता आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की थी। इरदुगान ने दोहराया था कि तुर्की वार्ता के इस दौर में हर संभव तरीके से योगदान देना जारी रखेगा। बता दें कि यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडलों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया है.
रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला बोल दिया था। तब से लेकर अभी तक दोनों देशों के बीच जंग जारी है। इस युद्ध में यूक्रेन को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लाखों की संख्या में लोग शहर छोड़कर राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। रूसी मिसाइलों ने भी यूक्रेन में खूब तबाही मचाई है।