सोना और चांदी आज किन भाव पर कारोबार कर रहे हैं अगर आप ये जानना चाहते हैं तो यहां आपको लेटेस्ट रेट्स मिल सकते हैं.

घरेलू सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी के दाम में तेजी देखी जा रही है और कल की तेजी जारी हो रही है. गोल्ड के ग्लोबल रेट में तेजी के बाद भारतीय बाजार में सोना आज ऊपरी दायरे में ट्रेड कर रहा है. हालांकि सोना अपने ऊपरी स्तरों से करीब 3500 रुपये सस्ता कारोबार कर रहा है जिससे अभी भी इसमें निवेश किया जा सकता है.
एमसीएक्स पर क्या हैं गोल्ड रेट्स
एमसीएक्स पर गोल्ड के रेट आज 0.33 रुपये की बढ़त यानी 0.06 फीसदी की तेजी के बाद 51,800 रुपये पर बने हुए हैं और चांदी एमसीएक्स पर 27 रुपये की गिरावट के बाद 68,237 रुपये प्रति किलो के रेट पर कारोबार कर रही है. एमसीएक्स पर सोने के दाम अप्रैल वायदा के हैं और चांदी के दाम मई वायदा के हैं.
सोना-चांदी का नया भाव
गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल वायदा सोने का दाम 73 रुपये बढ़कर 51,840 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. जबकि मई वायदा चांदी की कीमत 81 रुपये टूटकर 68,183 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन 24 फरवरी से शुरू हुए यूक्रेन संघर्ष पर नाटो गठबंधन की बैठकों के लिए ब्रसेल्स पहुंचे हैं. कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़त और कमजोर शेयरों के कारण सोने और चांदी की कीमतों में मामूली तेजी आई है. रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है लेकिन बाजार के नजरिए से हाल ही में बहुत कुछ नहीं बदला है. यूक्रेन पर रूस के आक्रमण पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रपति बाइडेन ने गुरुवार को नाटो और यूरोपीय संघ के नेताओं से मुलाकात की.
यूक्रेन युद्ध और आगामी प्रतिबंधों ने कमोडिटी की कीमतों और मुद्रास्फीति को बढ़ा दिया है, जिसके परिणामस्वरूप कुछ केंद्रीय बैंकों से तेजी से मौद्रिक सख्ती हुई है. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार गोल्ड-समर्थित एक्सचेंज-ट्रेडेड फंडों में होल्डिंग एक वर्ष से अधिक समय में सबसे अधिक है. दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड समर्थित एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग बुधवार को 0.4% बढ़कर 1,087.66 टन हो गई, 26 फरवरी, 2021 के बाद से यह उच्चतम है.
चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह में सोने का आयात बढ़ा
चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह (अप्रैल-फरवरी) में देश में सोना का आयात 73 फीसदी बढ़कर 45.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. मांग ऊंची रहने की वजह से सोने (Gold) का आयात बढ़ा है. फरवरी, 2022 में बहुमूल्य धातु का आयात हालांकि 11.45 फीसदी घटकर 4.7 अरब डॉलर रह गया. चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह में सोने का आयात बढ़ने से देश का व्यापार घाटा भी बढ़ा है. 2021-22 के पहले 11 माह में व्यापार घाटा बढ़कर 176 अरब डॉलर हो गया है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 89 अरब डॉलर रहा था.