केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने ऐलान किया है कि प्रीकॉशन डोज अब 60 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को प्रदान की जा सकती है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की प्रीकॉशन डोज को लेकर अहम जानकारी साझा की है. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने ऐलान किया है कि 12-14 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण 16 मार्च 2022 से शुरू होगा. उन्होंने इस मामले में सभी राज्यों के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है. उन्होंने पत्र में टीकाकरण की जानकारी देते हुए कहा कि केवल कॉर्बेवैक्स वैक्सीन का उपयोग 12-14 वर्ष के आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए किया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि प्रीकॉशन डोज अब 60 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को प्रदान की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि इस खुराक की प्राथमिकता और अनुक्रमण दूसरी खुराक की तारीख से 9 महीने पूरे होने पर आधारित होगा. प्रीकॉशन डोज का टीकाकरण उसी टीके से होना चाहिए, जिससे पहला टीकाकरण किया गया था. समाचार एजेंसी पीटीआई ने सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा कि टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) ने हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल ई को 12-14 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को इसके कॉर्बेवैक्स वैक्सीन लगाने के लिए अपनी सिफारिश दी है. यानी भारत में 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को बायोलॉजिकल ई का कॉर्बेवैक्स टीका दिया जाएगा.