महाराष्ट्र बोर्ड की 12वीं की परीक्षा की केमिस्ट्री का पेपर कथित तौर पर मुंबई में लीक हो गया है। छात्रों के फोन पर एक पेपर था और वे परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचे। विले पार्ले पुलिस ने 12वीं के केमिस्ट्री के पेपर लीक होने के मामले में मलाड के एक निजी कोचिंग क्लास के टीचर को गिरफ्तार किया है।

महाराष्ट्र बोर्ड 12वीं की परीक्षा में कथित पेपर लीक का मामला सामने आया है. शनिवार को 12वीं बोर्ड के लिए केमेस्ट्री का पेपर परीक्षा से पहले ही छात्रो के पास पहुंच गया. परीक्षा देने एग्जाम सेंटर पर देरी से पहुंचे छात्रों के फोन में पहले से ही क्वेश्चन पेपर था. विले पार्ले पुलिस ने इस मामले में मलाड में एक प्राइवेट कोचिंग क्लास के शिक्षक को भी गिरफ्तार किया है. इस पेपर लीक मामले में एक प्राइवेट कोचिंग संस्थान के टीचर के संलिप्त पाए जाने के शक में पुलिस ने संबंधित टीचर को गिरफ्तार कर लिया है. परीक्षा से पहले ही इस टीचर ने विद्यार्थियों के बीच प्रश्न पत्र को वाट्सअप ग्रुप में शेयर कर दिया था.
वाट्सअप ग्रुप में पेपर लीक, हरकत में आई मुंबई पुलिस
गिरफ्तार किए गए आरोपी टीचर का नाम मुकेश सिंह यादव है. यह मालाड में एक प्राइवेट कोचिंग सेंटर चलाने का काम करता है. मुंबई की विले पार्ले पुलिस ने 12 के केमिस्ट्री के प्रश्न पत्र को लीक करने के मामले में इस आरोपी टीचर को गिरफ्तार किया है. इस कोचिंग क्लास में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स का एक वाट्सअप ग्रुप बना हुआ है. यह टीचर उस ग्रुप से जुड़ा हुआ है. परीक्षा शुरू होने से पहले ही इसे कहीं से केमिस्ट्री का पेपर मिल गया. इसने वह पेपर अपने स्टूडेंट्स के वाट्सअप ग्रुप में शेयर कर दिया. पेपर मिलने के बाद स्टूडेंट्स उन सवालों की तैयारी करने लगे. ऐसे में उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देर हो गई. परीक्षा केंद्र में नियुक्त कर्मचारियों को संदेह हुआ तो स्टूडेंट्स के स्मार्ट फोन्स चेक किए गए तो वाट्सअप ग्रुप में पहले से ही क्वेश्चन पेपर्स सर्कुलेट हो जाने का पता चला.
इससे पहले कई शिक्षक और विद्यार्थी महाराष्ट्र के कुछ ठिकानों पर पेपर लीक होने की शिकायत सोशल मीडिया पर कर रहे थे. इन विद्यार्थियों के मुताबिक क्वेश्चन पेप का फोटो कई ऐप्स में वायरल हो चुका है.