सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ इशू हुए गैर-जमानती वारंट की खबरों को एक्ट्रेस ने खारिज कर दिया है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने मंगलवार को अपने खिलाफ जारी हुए गैर-जमानती वारंट की खबरों को खारिज कर दिया। कथित तौर पर धोखाधड़ी मामले में एक्ट्रेस का नाम सामने आने के बाद एक आधिकारिक बयान भी जारी किया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनाक्षी सिन्हा ने एक इवेंट में शामिल होने के लिए मोटी रकम ली थी लेकिन वह इसमें शामिल नहीं हो पाई जिसके बाद इवेंट के आयोजक ने उनसे पैसे वापस मांगे। इस पर रिएक्शन देते हुए सोनाक्षी ने आरोपों को बेबुनियाद और फर्जी बताया है।
सोनाक्षी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘बिना किसी वेरिफिकेशन के मेरे खिलाफ मीडिया में गैर जमानती वारंट जारी होने की अफवाहें चल रही हैं। यह केवल कल्पना है और मुझे परेशान करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति का काम है। मैं सभी मीडिया घरानों, पत्रकारों और समाचार संवाददाताओं से अनुरोध करती हूं कि वे इस फेक न्यूज को न फैलाएं क्योंकि यह किसी इंसान के द्वारा पब्लिसिटी पाने का एक एजेंडा है। यह आदमी पूरी तरह से मेरी प्रतिष्ठा पर हमला करके पब्लिसिटी हासिल करने और मुझसे पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा है,। कृपया इस उत्पीड़न को हवा ना दें। यह मामला मुरादाबाद कोर्ट में विचाराधीन है और इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी है। मेरी कानूनी टीम उसके खिलाफ अदालत की अवमानना के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई करेगी।’