पीएम मोदी एक बार फिर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बात करेंगे. इस दौरान वह भारतीयों की सुरक्षित निकासी का मुद्दा उठा सकते हैं.

रूस और यूक्रेन का युद्ध आज लगातार 12वें दिन भी जारी है. वैश्वि दबाव और तमाम सख्त प्रतिबंधों के बावजूद भी रूस ने हमले तेज कर दिए हैं. वो यहां के रिहायशी इलाकों को भी निशाना बना रहा है, जिसके चलते लोगों की निकासी कराने में दुनियाभर के देश दिक्कतों का सामना कर रहे हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात करेंगे. ये जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है.
पीएम मोदी की तरफ से यह पहल तब हुई है, जब युद्धग्रस्त यूक्रेन से करीब 15 लाख लोग बाहर निकल चुके हैं. इस बीच, भारत यूक्रेन में फंसे नागरिकों को निकालने में लगा हुआ है. इसके लिए ऑपरेशन गंगा चलाया जा रहा है. यह ऑपरेशन अपने अंतिम चरण में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युद्ध ग्रस्त यूक्रेन से अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन गंगा’ की सफलता का श्रेय वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव को दिया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बड़े-बड़े देशों को भी अपने लोगों को वहां से निकालने में दिक्कत हो रही है. इससे पहले भारत सरकार द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, यूक्रेन में बढ़ते संकट के मद्देनजर, भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत युद्ध ग्रस्त देश में फंसे 13,700 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है. यह अभियान पिछले सप्ताह शुरू हुआ था.