
हर मां को अपने बच्चे की सेहत का बहुत ख्याल होता है। उसे किस तरह से हेल्दी खाना खिलाया जाए, यही सोचने में पूरा दिन निकल जाता है। क्योंकि बच्चों के खाने में नखरे बहुत होते हैं। बच्चों को सेहतमंद और पौष्टिक खाना खिलाने जितना मुश्किल काम शायद ही दुनिया में कोई हो।
हम समझते हैं आपकी परेशानी। इसलिए आपकी मुश्किलों को आसान बनाने के लिए हमारे पास है टेस्टी और हेल्दी काठी रोल की रेसिपी। जी हां… काठी रोल! यह कोलकाता की मशहूर रेसिपी है। ये पहले कोलकाता की सड़कों पर दिखाई देता था, अब हर जगह स्ट्रीट फूड के तौर पर मिलने लगा है।
बच्चों को खिलाने के लिए ये रेसिपी बिल्कुल परफेक्ट है, क्योंकि आप रोल के अंदर वो सब्जियां भी डालकर खिला सकती हैं, जो आपके बच्चे को पसंद नहीं हैं। इससे उन्हें पता भी नहीं चलेगा और हरी सब्जियों का पोषण भी मिल जाएगा।
- सामग्री
- गेहूं की चपाती 4
- प्याज 1 मध्यम
- हरी शिमला मिर्च 1 माध्यम
- टमाटर कटे हुए 2
- हल्दी पाउडर 1 छोटा चम्मच
- अदरक-लहसुन का पेस्ट 2- बड़े चम्मच
- टमाटर प्यूरी 2-3 बड़े चम्मच
- पनीर1 कप
- नमक स्वादअनुसार
- लाल मिर्च पाउडर 1/2 छोटा चम्मच
- गरम मसाला पाउडर 1/4 छोटा चम्मच
- धनिया और पुदीने की चटनी 2 बड़े चम्मच
- दही 1/4 कप
- ताज़े पुदीने की छुट्टी परोसने के लिए
- परोसने के लिए प्याज के छल्ले
- चाट मसाला परोसने के लिए
बनाने का तरीका
– काठी रोल बनाने के लिए सबसे पहले प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर को छोटे छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद एक नॉनस्टिक पैन में थोड़ा सा तेल डालें. तेल गर्म होने पर कटा प्याज और शिमला मिर्च डालें.
– इसके बाद पैन में टमाटर और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और थोड़ी देर भूनें. इसके बाद टमाटर प्यूरी डालें और तेज आंच करके सारी चीजों को मिक्स करके एक मिनट पकाएं.
– अब इसमें पनीर, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला पाउडर डालें. अब एक अलग पैन लेकर इसमें चपाती को रखें. दही और धनिया और पुदीने की चटनी को मिक्स कर लें. इसके बाद चपाती पर दही और धनिया और पुदीने की चटनी का पेस्ट फैलाएं.
– एक तरफ एक चम्मच वेजिटेबल फिलिंग रखें. प्याज के छल्ले और चाट मसाला छिड़कें. इसके बाद चपाती को मोड़कर टाइट रोल बना लें. इसी तरह से बाकी के रोल भी तैयार करें. आप चाहें तो इसमें बच्चों की पसंदीदा अन्य सब्जियों जैसे पत्ता गोभी, गाजर, मटर आदि को भी एड कर सकती हैं.