राहुल गांधी की चुनावी रैली में शामिल होने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के होशियारपुर जाना था. लेकिन उनके हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी गई.

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के हेलिकॉप्टर को सोमवार को चंडीगढ़ के राजेंद्र पार्क से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई. दरअसल, पंजाब विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे की वजह से इलाके में ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया था. वहीं, अब इस मुद्दे पर सियासत शुरू हो गई है. कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने पीएम के पूर्ववर्ती पंजाब दौरे के दौरान ‘जीवन को खतरा वाले’ बयान का जिक्र करते हुए इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा है.
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘कुछ दिन पहले पीएम ने कहा था कि जब वह पंजाब आए तो उन्हें फिरोजपुर नहीं जाने दिया गया और उनकी जान को खतरा था. आज जब चरणजीत सिंह चन्नी को होशियारपुर आने से रोका जा रहा है तो मैं मोदी साहब से अनुरोध करता हूं कि इस पर कुछ रोशनी डालें.’ होशियारपुर में संवाददाताओं से बात करते हुए जाखड़ ने कहा, ‘सीएम चन्नी का यहां आना तय था लेकिन यह शर्मनाक है कि इस सरकार ने चरणजीत सिंह चन्नी को होशियारपुर आने की अनुमति रद्द कर दी. अगर चुनाव आयोग इस पर संज्ञान नहीं लेता है, तो मैं समझूंगा कि ये चुनाव एक तमाशा है.’
सीएम चन्नी को राहुल गांधी की रैली में होना था शामिल
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी रैली में शामिल होने के लिए सीएम चन्नी को पंजाब के होशियारपुर जाना था. लेकिन उनके हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी गई. राहुल गांधी के हेलिकॉप्टर को होशियारपुर में उतरने की इजाजत दे दी गई है. दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी की जालंधर में रैली होने वाली है. पंजाब में 20 फरवरी को चुनाव होने वाला है. इससे पहले राजनीतिक दलों के बीच वाद-विवाद जारी है. कांग्रेस लगातार आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर हमलावर है. वहीं, बीजेपी भी कांग्रेस को घेरने में जुटी हुई है. पंजाब चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे.