आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं. कोविड के दौर में आयोजित की जाने वाली इस नीलामी को लेकर बीसीसीआई ने कुछ नियम बनाए हैं.

आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी की तैयारियां जोरों पर हैं. बीसीसीआई ने नीलामी के लिए 590 खिलाड़ियों की अंतिम लिस्ट जारी कर दी है और बेंगलुरू में दो दिन तक चलने वाली इस नीलामी में कुल 590 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. ये नीलामी 12 और 13 फरवरी को आयोजित की जाएगी. नीलामी के लिए 1,214 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन बीसीसीआई ने इन खिलाड़ियों की छंटनी की है. छंटनी किए गए खिलाड़ियों में से कुल 370 भारतीय खिलाड़ी हैं जबकि 220 विदेशी खिलाड़ी हैं. दो दिन तक चलने वाली इस नीलामी में 10 फ्रेंचाइजी के सदस्य अपने लिए टीम चुनेंगे. नीलामी में फ्रेंचाइजियों की तरफ से टीम के मालिकों के साथ कोचिंग स्टाफ के सदस्यों के मौजूद होने की संभवना है. बीसीसीआई ने इस नीलामी को लेकर कोविड से संबंधित नियम भी बनाए हैं.
बीसीसीआई के लिए कोविड के समय में लीग का आयोजन करना चुनौती है सिर्फ लीग ही नहीं, इस महामारी के कारण लोगों को एक जगह एकत्रित करना भी चुनौती है जिसका सामना बीसीसीआई को नीलामी के दौरान करना पड़ेगा. बोर्ड ने इसलिए आईपीएल 2022 नीलामी के लिए नए कोविड नियमों का ऐलान किया है. क्या हैं ये नियम हम बता रहे हैं आपको.
आईपीएल 2022 नीलामी के लिए नए कोविड नियम
- सभी फ्रेंचाइजियों को चार फरवरी तक उन लोगों के नाम भेजने थे जो नीलामी में हिस्सा लेंगे.
- सभी 10 फ्रेंचाइजियों को मिलाकर नीलामी में 80 से ज्यादा लोग नीलामी में हिस्सा नहीं ले सकते.
- एक फ्रेंचाइजी से ज्यादा से ज्यादा 10 खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते हैं वो भी तब तक जब तक कुल संख्या 80 न हो जाए.
- जो भी लोग नीलामी में हिस्सा लेंगे उन्हें 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे तक बेंगलुरू पहुंचना होगा.
- फ्रेंजाइजियों के विदेशी लोगों को नीलामी में हिस्सा लेने से पहले सात दिन का क्वारंटीन पीरियड गुजारना अनिवार्य है.
- जो भी लोग नीलामी में हिस्सा लेंगे उन्हें नीलामी के 72 घंटों के भीतर दो कोविड आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने होंगे.
- 12 और 13 फरवरी को जो भी लोग नीलामी में हिस्सा लेंगे उनके दो कोविड टेस्ट कराए जाएंगे. एक टेस्ट रात को 12 बजे और दूसरा सुबह सात बजे कराया जाएगा
- नीलामी में हिस्सा लेने वाली सभी लोगों को बीसीसीआई की मेडिकल टीम के साथ अपने वैक्सीनेशन/बूस्टर डिटेल्स को साझा करना होगा.
- नीलामी में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों को अंदर हर समय मास्क पहनना अनिवार्य है.