
बलात्कार मामले में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सोमवार को 21 दिनों की छुट्टी पर जेल से रिहा हो गया। हरियाणा सरकार ने गुड़गांव में परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए यह इजाजत दी है। वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद था।
राम रहीम की रिहाई पंजाब में चुनाव से 13 दिन पहले हुई है। डेरा का चुनावी राज्य पंजाब में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। इस बीच, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि गुरमीत राम रहीम को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले फरलो मिली है, तो यह महज इत्तेफाक है। इसका चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
क्या आपको अंतर पता है फरलो और परोल में?
फरलो की अर्जी डीजी जेल के पास भेजी जाती है और इसे होम डिपार्टमेंट के पास भेजा जाता है और उस पर 12 हफ्ते में निर्णय होता है। एक बार में दो हफ्ते के लिए फरलो दिया जा सकता है और उसे दो हफ्ते के लिए एक्सटेंशन दिया जा सकता है। फरलो मुजरिम का अधिकार होता है, जबकि परोल अधिकार के तौर पर नहीं मांगा जा सकता। पैरोल के दौरान मुजरिम जितने दिन भी जेल से बाहर होता है, उतनी अतिरिक्त सजा उसे काटनी होती है। फरलॉ के दौरान मिली रिहाई सजा में ही शामिल होती है।