सुरों की मल्लिका लता मंगेशकर का रविवार 6 फरवरी को निधन हो गया। इस दौरान राजनीतिक जगत से लेकर मनोरंजन की दुनिया की बड़ी हस्तियों तक लोगों ने लता दीदी के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने भी एक वीडियो साझा किया है।

सुरों की मल्लिका लता मंगेशकर का रविवार 6 फरवरी को निधन हो गया। इस दुखद खबर ने देशभर को सदमे में डाल दिया। लंबे समय से कोरोना वायरस और निमोनिया से जंग लड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में लता मंगेशकर ने अंतिम सांसें ली। उनके निधन के बाद शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान राजनीतिक जगत से लेकर मनोरंजन की दुनिया की बड़ी हस्तियों तक लोगों ने लता दीदी के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने भी अपने अंदाज में लता मंगेशकर को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
हिना खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वो लता मंगेशकर के कुछ अनमोल गानों को गुनगुनाकर उन्हें ट्रिब्यूट दिया है। 3 मिनट 18 सेकेंड के इस वीडियो में हिना ने 7 से 8 अनमोल गानों को गुनगुनाया है। इनमें ‘रहे ना रहे हम’, ‘लग जा गले’ और ‘एक प्यार का नगमा’ जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं। इतना ही नहीं हिना इस वीडियो के अंत में कहती हैं, ‘लता जी हमेशा दिल में रहेंगी…।’
वीडियो को साझा करने के साथ ही हिना खान ने कैप्शन में पुरानी यादों का जिक्र किया है। साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि लता मंगेशकर की आवाज और उनके गानों से रू-ब-रू करवाने वाले उनके पिता थे। हिना के पिता खुद भी लता मंगेशकर के बहुत बड़े फैन थे और उन्हीं की वजह से हिना खान भी लता मंगेशकर को बचपन से ही चाहने लगी थीं।