स्वर कोकिला लता मंगेशकर के भतीजे आदिनाथ ने सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क से उनकी अस्थियां एकत्र कीं, जहां उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ कल अंतिम संस्कार किया गया था।

सहायक नगर आयुक्त किरण दिघवकर ने बताया, “हमने अस्थि कलश लता के भाई और संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर के बेटे आदिनाथ को सौंपा है।”
अस्थियां कहां विसर्जित की जाएंगी, इस बारे में अभी तक परिवार की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
रविवार को लता जी का हुआ अंतिम संस्कार
लगभग आठ दशकों तक अपनी आवाज से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध करने वाली लता मंगेशकर (92) का रविवार को निधन हो गया। उनका कल शाम शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था।
महाराष्ट्र में एक दिन की छुट्टी
भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर भारत सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार(आज) को राज्य में सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने रविवार को जानकारी दी कि सोमवार को सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। बीएमसी ने भी देर शाम इस संदर्भ में आदेश जारी किए। वहीं, रविवार शाम दादर के व्यापारियों ने शाम 5:30 बजे से दुकानें बंद कर दी थीं।
महाराष्ट्र क्या-क्या रहेगा बंद
- सरकारी कार्यालय
- स्कूल, कॉलेज
- सभी बैंक, कोर्ट
- क्या खुला रहेगा
- अस्पताल ओपीडी
- आवश्यक सेवाएं
- आठ पंडित थे शामिल
शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार कार्यक्रम को आठ पंडितों ने संपन्न कराया। शिवाजी पार्क में उनके अंतिम संस्कार के लिए खास तौर पर चबूतरा बनाया गया था। उनके भाई और भतीजे ने उन्हें मुखाग्नि दी है।