दुनियाभर में 39.41 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना महामारी से संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 4.21 करोड़ से ज्यादा भारत में हैं. तो ऐसे में आइए जानते हैं देश में बीते 24 घंटे का हाल.

देश में कोरोना वायरस महामारी के मामले बीते 48 घंटों की तुलना में आज और कम हुए हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के एक लाख से कम नए केस मिले हैं. जबकि एक दिन पहले रविवार को 1 लाख 7 हजार 474 नए केस सामने आए थे. देश में पॉजिटिविटी रेट 7.25% फीसदी है. जानिए देश में कोरोना की ताजा स्थिति क्या है.
काफी समय बाद एक लाख से कम केस
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 83,876 नए मामले सामने आए हैं. जबकि इसी दौरान पूरे देश में करीब दो लाख लोग ठीक भी हुए. इसी तरह देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 895 मौते हुई हैं. आपको बता दें कि करीब एक महीने बाद ये स्थिति बनी है जब देश में कोरोना के नए मामले एक लाख से कम हैं. वहीं एक्टिव केस की बात करें तो वो फिलहाल कुल संक्रमित मरीजों की तुलना में सिर्फ 2.62% हैं.
एक्टिव केस: 11,08,938
डेथ टोल: 5,02,874
रविवार का हाल
रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में 865 लोगों की मौत हुई. कोरोना वायरस संक्रमण के 1 लाख 7 हजार 474 नए केस मिले वहीं 2 लाख से ज्यादा ठीक हुए थे.
169 करोड़ से ज्यादा डोज
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 169 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं. कल 45 लाख 10 हजार 770 डोज़ दी गईं, जिसके बाद अबतक वैक्सीन की 169 करोड़ 63 लाख 80 हजार 755 डोज दी जा चुकी हैं और ये सिलसिला लगातार जारी है.