पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को झटका लगा है. पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री रहे जगमोहन सिंह कांग आप में शामिल हो गए हैं.

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री रहे जगमोहन सिंह कांग ने अपने दोनों बेटों यदविंदर सिंह कांग और अमरिंदर सिंह कांग के साथ आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है. दिल्ली सीएम और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी में एंट्री दी. इस दौरान पार्टी के पंजाब मामलों के सह-प्रभारी राघव चड्ढा भी दिखाई दिए. ऐसा कहा जा रहा है कि कांग खरड़ विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का टिकट नहीं मिलने से नाराज थे.
राघव चड्ढा ने ट्वीट कर कहा, ‘पंजाब कांग्रेस से खफा जगमोहन सिंह कांग अपने बेटों और युवा कांग्रेस नेताओं यदविंदरऔर अमरिंदर के साथ आप (आम आदमी पार्टी) में शामिल हो गए हैं. वह 3 बार कैबिनेट मंत्री और विधायक रहे हैं. अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी में शामिल किया है. आप पंजाब हर गुजरते दिन के साथ मजबूत होती जा रही है.’ वहीं आप पंजाब ने इस मौके की तस्वीर ट्वीट करते हुए कहा है, ‘खरड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगमोहन कांग आप की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर अपने परिवार के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं.’
आम में शामिल होने पर कांग ने खुशी जताई
अरविंद केजरीवाल ने जगमोहन सिंह कांग और उनके बेटों का अपनी पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में हमारी ही जीत होगी. जबकि कांग ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी में आकर खुश हैं. उन्होंने कहा कि हम पंजाबियों के हित के लिए काम करेंगे. केजरीवाल जी की पार्टी ने आम लोगों के कल्याण के लिए बड़े जरूरी काम किए हैं, हमें भी इसके लिए सेवा का मौका मिलेगा. बता दें पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए 20 फरवरी को मतदान होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी. 25 जनवरी से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया 1 फरवरी तक चलेगी. नामांकन पत्रों की जांच 2 फरवरी को की जाएगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 4 फरवरी है.
विपक्षी पार्टियों पर केजरीवाल ने साधा निशाना
एक दिन पहले ही अरविंद केजरीवल ने पंजाब से पार्टी के सीएम का चेहरा बताए गए भगवंत मान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान उन्होंने दूसरे विपक्षी दलों पर निशाना साधा और मान को कट्टर इमानदार बताया. उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, तो हर दफ्तर में शहीद भगत सिंह और बाबा साहब आंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएंगी. ताकि उनके विचारों से लोग प्रेरणा ले सकें. वहीं एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस वालों के लिए केजरीवाल बाहरी आदमी है और इमरान खान इनके घर का आदमी है. पाकिस्तान तो इनके सीएम के घर में रहता था. कांग्रेस में पाकिस्तान से दोस्ती करने के लिए इतनी बेचैनी क्यों? यह पंजाब के कानून और व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है.’