पंजाब में अधिकतर पार्टियों ने ज्यादातर सीटों के लिए उम्मीदवार के नामों का ऐलान कर दिया है. लेकिन इसमें महिला उम्मीदवारों की भागीदारी बहुत कम है.

पंजाब विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय बाकी नहीं रह गया है. इसके लिए सभी पार्टियां पूरे दमखम से मैदान पर उतर चुकी हैं और चुनाव प्रचार कर रही हैं. सभी दल चुनाव से पहले हर तबके के लोगों को अपने साथ जोड़ना चाहते हैं, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं. लेकिन जब बात आती है महिलाओं के हाथ में टिकट थमाने की, तो यहां लगभग सभी पार्टियां फिसड्डी साबित हो जाती हैं. पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए 20 फरवरी को चुनाव होने हैं और अधिकतर पार्टियों ने ज्यादातर सीटों के लिए उम्मीदवार के नामों का ऐलान कर दिया है. लेकिन इसमें महिला उम्मीदवारों की भागीदारी बहुत कम है.
कांग्रेस ने कुछ समय पहले ही महिलाओं के लिए हाई-प्रोफाइल कैम्पेन किया था और उन्हें ज्यादा सीटों पर टिकट देने का वादा किया था, लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव की बात करें तो यह संख्या सिमट कर 10 प्रतिशत तक रह जाती है. कांग्रेस ने अब तक पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 109 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें मात्र 11 महिला उम्मीदवारों को ही अब तक टिकट मिला है.
किस पार्टी ने कितनी महिला उम्मीदवारों को दिया मौका
कांग्रेस के अलावा 117 सीटों में से शिरोमणि अकाली दल और बसपा गठबंधन ने सिर्फ 5 सीटों पर महिलाओं को उतारा है. इनमें चार शिओद और एक मायावती की बसपा ने उतारा है. आम आदमी पार्टी ने 117 सीटों में से 12 सीटों पर महिलाओं को उतारा है, जो इस बार पंजाब में पूरे दमखम के साथ उतरी है. यह करीब 10 प्रतिशत होता है. इसके अलावा बीजेपी और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस गठबंधन ने अब तक 106 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें से 8 सीटों पर महिलाओं को उतारा गया है. यानी यह करीब 7.5 प्रतिशत होता है.
महिला वोटरों को लुभाने में जुटे दल
पंजाब की राजनीति में महिला मतदाताओं की भागीदारी देखते हुए राजनीतिक दलों ने कई वायदे भी किए हैं. सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने पंजाब में महिलाओं को प्रति माह 2,000 रुपये और एक साल में 8 रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया है. वहीं, पार्टी की ओर से छात्राओं के लिए भी कई वादे किए गए हैं. इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी पंजाब की सभी महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपए देने का वादा किया है, साथ ही बुजुर्ग महिलाओं को मासिक वृद्धावस्था पेंशन में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी करने का भी वादा किया है. अकाली दल ने पंजाब की सत्ता में वापसी पर गृहणियों को घर खर्च के लिए 2000 रुपये प्रति महीना देने का वादा किया है. उन्होंने महिलाओं को नौकरी में 50 फीसद का आरक्षण देने की भी बात कही है.