नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद अब गलन बढ़ गई है। ठंड के साथ अब कोहरा भी लोगों को परेशान करने लगा है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सोमवार सुबह घने कोहरे की परत देखी गई। कोहरे की वजह से दृष्यता कम रही। इसके सुबह आने-जाने वालों को दिक्कत हुई।वाहन चालकों को लाइट जलाकर आना-जाना पड़ा। सोमवार दोपहर तक धूप नहीं निकली। दोपहर बाद कई जगहों पर हल्की धूप निकली लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने बताया कि कोल्ड डे (Cold day) की वजह से ठिठुरन रही।
मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह मध्यम श्रेणी का कोहरा होगा। कहीं-कहीं ठिठुरन वाले ठंडे दिन की स्थिति भी बनी रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 16 और आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इस वजह से मंगलवार और बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 28, 29 और 30 जनवरी को भी सुबह के वक्त कोहरे से निजात मिलने वाली नहीं है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरा पड़ेगा। इसके साथ ही ठंड से भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 14.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के सात डिग्री कम होने पर मंगलवार को भी कोल्ड डे की श्रेणी में रखा गया है। सुबह कोहरे ने भी परेशान किया। पालम में सुबह साढ़े सात बजे तक दृश्यता का स्तर 1000 मीटर और सफदरजंग पर 800 मीटर रहा।
बता दें कि शनिवार को रिकार्ड तोड़ बारिश हुई थी। जनवरी माह में बारिश ने 122 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। बारिश के बाद अब कोहरा पड़ने लगा है।