पहले गाजियाबाद में हज हाउस बनता था, हमारी सरकार ने कैलाश मानसरोवर का भवन बनाया।

यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि पहले गाजियाबाद में हज हाउस बनता था, लेकिन जब से हमारी सरकार बनी है तब से कैलाश मानसरोवर भवन बनाया जा रहा है। बताते चलें कि इससे पहले उन्होने कहा था कि यह चुनाव 80 और 20 का चुनाव है। जिसके बाद उनकी काफी आलोचना की गयी थी।
यूपी चुनाव 2022:योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर बोला हमला
यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर रविवार को जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरोना कालखंड में कांग्रेस, सपा और बसपा मैदान से गायब थी, सिर्फ केंद्र और प्रदेश सरकार या बीजेपी के कार्यक्रता एक-एक लोग का जीवन बचाने के लिए जद्दोजहद कर रही थी। जो संकट के समय आपका साथी नहीं तो उस व्यक्ति को आप चुनाव के समय अपना साथी कैसे चुन सकते हैं।
यूपी चुनाव 2022: ‘वो दंगे कराने वालों को टिकट दे रहे हैं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वो मुजफ्फरनगर के दंगे कराने वालों को टिकट दे रहे हैं, कैराना में पलायन करने वालों को टिकट दे रहे हैं। वो लोग फिर प्रदेश को दंगे की आग में झोकने की कोशिश कर रहे हैं। सपा सरकार में कोई ऐसा जिला नहीं था जहां दंगा न हुआ हो, आस्था से खिलवाड़ हो रहा था। कांवड़ यात्रा रोक दी जा रही थी।उनकी सोच विनाश करने वाली थी, उनकी सोच तोड़ने वाली थी। हमारी सोच विकास की है। सभी को साथ लेकर चलने वाली है। सपा प्रत्याशियों की पहली सूची देख लीजिए पता चल जाएगा कि उनकी सोच क्या है।
सपा को जब 2012 में सत्ता में थी तो उन्होंने पहला निर्णय लिया था अयोध्या में आतंकी हमले के आरोपियों के मुकदमें वापस लिए, माफियाओं को संरक्षण दिया। वंशवादी, जातिवादी की विकृत मानसिकता के लोगों को जब सत्ता प्राप्त होती है तो वो लोग क्या करते हैं आप सबने देखा है।