25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस है। दुनियाभर में भारत के पर्यटन स्थलों के प्रचार प्रसार के लिए इस दिन को मनाया जाता है। भारत को प्राकृतिक सुंदरता की भूमि कहा जाता है। यहां पहाड़ों से लेकर समुद्र तक घूमने के लिए खूबसूरत दर्शनीय स्थल हैं। देश के महानगरों, पहाड़ों से लेकर झरने और जंगल की खूबसूरती के अलावा यहां के गांव भी देखने योग्य हैं।
भारत में ऐसे कई खूबसूरत गांव हैं, जहां यात्रियों की भीड़ लगती है। हर साल बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भारत के इन गांवों में आते हैं और अच्छी यादें लेकर अपने देश लौटते हैं। देश की प्रकृति की गोद में समाए इन खूबसूरत गांवों के सामने बड़े बड़े देशों की सुंदरता भी फीकी पड़ जाती है।

तकदाह गांव, पश्चिम बंगाल- पश्चिम बंगाल में बेहद प्यारा और खूबसूरत गांव हैं। इस गांव का नाम है तकदाह गांव, जो कि दार्जिलिंग जिले के स्थित है। यहां की खूबसूरती किसी का भी मन मोह लेगी। यहां पर्यटक ट्रैकिंग के मजे ले सकते हैं। ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों में घूमने से लेकर खूबसूरत चाय के बागानों की सैर कर सकते हैं।

लाचुंग, सिक्किम- सिक्किम अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है। यहां हर साल बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं। अगर आप सिक्किम घूमने जा रहे हैं तो तिब्बत बॉर्डर से सटे लाचुंग गांव जरूर जाएं। यह गांव लगभग 8858 फीट की ऊंचाई पर बसा है। गांव चारों तरफ से बर्फ से ढके ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों से घिरा हुआ है। यहां आडू, सेब और खुबानी के बाग भी देखने को मिलते हैं।

खिमसर, राजस्थान- राजस्थान में कई सारे पर्यटन स्थल हैं लेकिन यहां के गांवों की खूबसूरती भी कुछ कम नहीं है। राजस्थान के खिमसर गांव में अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। खिमसर गांव मरुस्थल से घिरा है। जीप या ऊंट की मदद से आप डेजर्ट सफारी का मजा ले सकते हैं। यह गांव अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता है। यहां के हिल स्टेशन पर आप कैंपिंग कर सकते हैं।

गोकर्णा, कर्नाटक- कर्नाटक में गोकर्णा गांव बसा हुआ है। यह गांव पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। खूबसूरती के अद्भूत नजारे के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो गोकर्णा गांव की सैर कर सकते हैं। समुद्र किनारे बसे इस गांव की खूबसूरती देख आपका वापस आने का मन नहीं करेगा।

मौलिन्नोंग, मेघालय – मौलिन्नोंग गांव भारत के सबसे खूबसूरत गांवों में शामिल है, जो शिलांग से लगभग 90 किमी दक्षिण में स्थित है। आपको बता दें, इस गांव को 2003 में एशिया के सबसे स्वच्छ गांव से भी सम्मानित किया गया था। इस गांव से आप प्रकृति के अविश्वश्नीय नजारों को भी देख सकते हैं। मौलिन्नोंग गांव की यात्रा में आप एक टावर की मदद से बांग्लादेश की झलक भी देख सकते हैं। यहां आप कई सुंदर झरनों में मस्ती कर सकते हैं और प्राचीन गुफाओं में भी जा सकते हैं। यहां कई घने जंगलों का भी अनुभव किसी एडवेंचर एक्टिविटी से कम नहीं है। मौलिन्नोंग गांव जाने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से अप्रैल के बीच है।
ये भी पढ़े: ये है तमिलनाडु के प्रसिद्ध मंदिर, जिनके दर्शन मात्र से हो मोक्ष की प्राप्ति