आप नेता राघव चड्ढा ने सोमवार को चंडीगढ़ में कहा था कि पार्टी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के लिए एसएमएस, वॉइस कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए प्रतिक्रियाएं मिली हैं और पार्टी की आईटी टीम हर कॉल और मैसेज का विश्लेषण कर रही है.

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में भगवंत मान के नाम की घोषणा कर दी. भगवंत मान पंजाब के संगरूर से दो बार के लोकसभा सांसद और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख है. पार्टी नेताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुनने के लिए चलाए गए अभियान जनता चुनेगी अपना सीएम” के तहत पार्टी को 21.59 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं.
अरविंद केजरीवाल ने 13 जनवरी को पंजाब की जनता से मुख्यमंत्री पद के लिए अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के नाम बताने की अपील की थी. इसके लिए पार्टी ने एक मोबाइल नंबर भी जारी किया था. लोगों के लिए चुनने का विकल्प 17 जनवरी की शाम 5 बजे तक खुला था. केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस 21 लाख से ज्यादा वोटों में 93.3 फीसदी लोगों ने भगवंत मान को चुना. केजरीवाल के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के इस सर्वे में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के लिए भी 3.6 फीसदी वोट मिले.
केजरीवाल ने कहा कि कई लोगों ने उन्हें भी मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जताई, लेकिन वे पहले ही इसके लिए मना कर चुके हैं. केजरीवाल ने 13 जनवरी को कहा था कि वह आप सांसद भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करना चाहते थे, लेकिन मान ने यह फैसला पंजाब की जनता पर छोड़ने पर जोर दिया. पंजाब में चुनाव लड़ने वाले प्रमुख दलों में आप एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने अपने मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा की है.
जट सिख समुदाय से आने वाले भगवंत मान लोकसभा में आम आदमी पार्टी के एकमात्र सांसद हैं. 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में उन्होंने लगातार जीत दर्ज की थी. उन्होंने पंजाब पीपल्स पार्टी से अपने सियासी सफर की शुरुआत की थी. 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर में जन्में मान राजनीति में आने से पहले स्टैंडअप कॉमेडियन रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने कई हिंदी और पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया है.
AAP नेता राघव चड्ढा ने सोमवार को चंडीगढ़ में कहा था कि पार्टी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के लिए एसएमएस, वॉइस कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए प्रतिक्रियाएं मिली हैं और पार्टी की आईटी टीम हर कॉल और मैसेज का विश्लेषण कर रही है. एक सवाल के जवाब में चड्ढा ने कहा कि उम्मीदवारों की अगली सूची जल्द जारी की जाएगी. अब तक पार्टी 112 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है.
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होगा. वोटों की गिनती दस मार्च को की जाएगी. चुनाव आयोग ने गुरु रविदास जयंती के मद्देनजर राजनीतिक दलों का पंजाब में 14 फरवरी के बजाय 20 फरवरी को मतदान कराने का आग्रह सोमवार को स्वीकार कर लिया.