आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया, ‘कांग्रेस, बीजेपी के लिए उम्मीद है, गोवा के लोगों के लिए नहीं. कांग्रेस के 17 विधायकों में से 15 बीजेपी में चले गए हैं. कांग्रेस इस बात की गारंटी देती है कि उसको मिला हर वोट बीजेपी के पास सुरक्षित ढंग से चला जाएगा.’

गोवा में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के बीच वार-प्रतिवार का दौर जारी है. सभी दल अपनी-अपनी पार्टियों को राज्य के लिए बेहतर पार्टी साबित करने की होड़ में जुटे हुए हैं. बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस गोवा की सत्ता हथियाने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही हैं. इस बीच, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के उस बयान पर हमला बोला है, जिसमें उन्होंने कहा है कि गोवा में मुकाबला सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी के बीच है.
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर चिदंबरम पर पलटवार करते हुए कहा कि चिदंबरम ‘रोना बंद करें’ क्योंकि कांग्रेस को वोट करने का मतबल BJP को वोट करना है और गोवा के लोग इस बारे में वहां मतदान करेंगे जहां उन्हें उम्मीद दिखाई देती है. इससे एक दिन पहले केजरीवाल ने कहा था कि अगर गोवा में 14 फरवरी के विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश आता है तो उनकी पार्टी गठबंधन सरकार का हिस्सा बनने के लिए तैयार है.
वोटर्स से कांग्रेस को चुनने की अपील
गोवा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक चिदंबरम ने गोवा के मतदाताओं से शासन में बदलाव के लिए वोट डालने और कांग्रेस को चुनने की अपील की. उन्होंने कहा, ‘मेरा आकलन कि आप और टीएमसी गोवा में गैर-बीजेपी वोटों को केवल खंडित करेंगे, इसकी अरविंद केजरीवाल ने पुष्टि कर दी है. गोवा में मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है.’ चिदंबरम ने सिलसिलेवार ढंग से ट्वीट करते हुए कहा, ‘जो लोग शासन बदलना चाहते हैं (10 वर्षों के कुशासन के बाद) वे कांग्रेस को वोट करेंगे. जो इसी शासन को जारी रखना चाहते हैं, वे बीजेपी को वोट करेंगे.’
उन्होंने कहा कि गोवा में मतदाताओं के सामने विकल्प साफ है. कांग्रेस नेता ने पूछा कि आप लोग शासन में बदलाव चाहते हैं या नहीं. चिदंबरम ने कहा, ‘मैं गोवा के मतदाताओं से शासन बदलने और कांग्रेस को वोट देने की अपील करता हूं.’ उनके ट्वीट को रिट्वीट करते हुए केजरीवाल ने उन पर पलटवार किया, ‘सर, रोना बंद कीजिए- ‘हाय रे, मर गए रे, हमारे वोट काट दिए रे. गोवा के लोग वहां वोट करेंगे जहां उन्हें उम्मीद दिखाई देती है.’
गोवा में 14 फरवरी को होने है चुनाव
केजरीवाल ने दावा किया, ‘कांग्रेस, बीजेपी के लिए उम्मीद है, गोवा के लोगों के लिए नहीं. कांग्रेस के 17 विधायकों में से 15 बीजेपी में चले गए हैं. कांग्रेस इस बात की गारंटी देती है कि उसको मिला हर वोट बीजेपी के पास सुरक्षित ढंग से चला जाएगा. बीजेपी को वोट देने के लिए सुरक्षित रास्ता कांग्रेस से होकर जाता है.’ बता दें कि गोवा में विधानसभा की सभी 40 सीटों पर मतदान 14 फरवरी को होना है.