बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान (Aimer Khan) की अपकमिंग फिल्म लाल सिंह चड्ढा (Laal Singh Chaddha) 14 अप्रैल 2022 के दिन रिलीज होने वाली है, जिसकी सीधी टक्कर केजीएफ 2 (KGF 2) से है। इसे साल 2022 की सबसे बड़ी भिड़ंत माना जा रहा है क्योंकि इस तारीख को भारतीय सिनेमा के दो सबसे बड़े स्टार्स एक साथ अपनी फिल्में लेकर आने वाले हैं। केजीएफ 2 और लाल सिंह चड्ढा की भिड़ंत से ट्रेड पंडित थोड़े परेशान हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि इस भिड़ंत से दोनों फिल्मों की कमाई पर असर पड़ेगा। ट्रेड पंडित चाहते हैं कि केजीएफ 2 और लाल सिंह चड्ढा के बीच टक्कर ना हो ताकि ये दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिजनेस करें।
बॉलीवुड लाइफ के हाथ लगी ताजा जानकारी की मानें तो ट्रेड पंडितों की ये चाह पूरी होने जा रही है। एक सूत्र ने हमें जानकारी दी है कि लाल सिंह चड्ढा की रिलीज डेट में जल्द ही बदलाव होने जा रहा है। साउथ की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह की कमाई कर रही हैं, उसे देखते हुए लाल सिंह चड्ढा के मेकर्स ने फैसला किया है कि वो अपनी फिल्म को केजीएफ 2 के सामने रिलीज नहीं करेंगे। पुष्पा ने हिन्दी सिनेमाघरों दमदार आंकड़े दर्ज कराए हैं, जिसके बाद लाल सिंह चड्ढा के मेकर्स कोई भी रिस्क उठाने के मूड में नहीं हैं।
दिवाली पर आएगी केजीएफ 2:
लाल सिंह चड्ढा के मेकर्स इन दिनों पोस्ट प्रोडक्शन वर्क पूरा करने में लगे हुए हैं। फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन वर्क इतना है कि मेकर्स इसे दिवाली से पहले रिलीज नहीं कर पाएंगे। ऐसे में दर्शकों को आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा दिवाली 2022 पर देखने को मिल सकती है। दिवाली पर ही शाहरुख खान की पठान आएगी। इसकी शूटिंग इस वक्त चल रही है। अगर फिल्म का काम तय समय पर पूरा हो गया तो यह दिवाली पर आएगी, वरना हो सकता है कि दिवाली पर लाल सिंह चड्ढा को सोलो रिलीज मिले।